कृष्‍णा सोबती लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
कृष्‍णा सोबती लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

सोमवार, जनवरी 23, 2023

कृष्णा सोबती का पहला और अंतिम उपन्यास : चन्ना

 


कृष्णा सोबती का पहला और अंतिम उपन्यास : चन्ना

सापेक्ष के विनोद कुमार शुक्ल विशेषांक के लिए हम दोनों (अनूप सेठी और सुमनिका सेठी) ने उनके उपन्यासों पर परस्पर संवाद किया था। संपादक महावीर अग्रवाल जी की अपेक्षा थी कि कृष्णा सोबती के उपन्यासों पर भी हम वैसे ही संवाद करें। अन्यान्य कारणों से वह उस तरह संभव नहीं हो पाया। फिर तय हुआ कि चन्ना उपन्यास पर यह संवाद हो। मैं उपन्यास पढ़ने में फिर पिछड़ गया। सुमनिका जी ने उपन्यास पढ़कर जब मुझे कहानी सुनाई तो मेरे मन में कई प्रश्न उठे। सुमनिका जी ने उन्हीं के उत्तर यहां दिए हैं। चन्ना को समझने का यह प्रयास प्रस्तुत है।    

अनूप सेठी और सुमनिका सेठी

अनूप: क्या दस पंद्रह पंक्तियों में 'चन्ना' उपन्यास की कहानी कही जा सकती है- ताकि जिसने यह उपन्यास न पढ़ा हो उसे कहानी का कुछ अंदाज़ हो सके?

सुमनिका: दस पंद्रह पंक्तियों में चन्ना की कहानी शायद ही कह पाऊँ। क्योंकि पढ़ने के बाद मुझे लगा कि यह तो कोई महागाथा है। चन्ना की कहानी उसमें है- लेकिन उस कहानी से लिपटा पूरा एक देश है, काल है, वातावरण है, कितने ही पात्र हैं, और हैं उनकी  अन्तरकथाएँ । एक-एक दृश्य की बारीकियों में रम कर लिखा गया यह उपन्यास कृष्णा जी का पहला उपन्यास है- शायद  सन 1950 में लिखा गया, पर पहले  उपन्यास का नौसिखियापन तो कहीं नहीं। वही गहरी, बहती, छलछलाती हुई भाषा का तेवर है। चन्ना केंद्र ज़रूर है, पर उससे जुड़े जितने  भी पात्र हैं- जैसे हर पात्र खुद में एक संसार है। उन सबके आत्मतत्व में लेखिका गहरे प्रवेश कर जाती है, भीतर तक- मन की सारी जटिलताओं में, एक-एक भंगिमा के वर्णन के जरिये- मार्मिक  डिटेल्स से रचा गया यह उपन्यास इसीलिए लगभग 400 पृष्ठों में समय हुआ है।

अनूप: फिर भी कुछ तो कथा का सार होगा..

सुमनिका: अच्छा कोशिश करती हूँ... तो यह कथा विभाजन के बाद लिखी गई, लेकिन जीवन उसमें विभाजन से पहले का समाया हुआ है। अविभाजित पंजाब  के एक  बड़े ज़मींदार शाह जी के घर, उनकी बड़ी हवेली में उनकी नातिन का जन्म होता है।  नाती की जगह एक  नातिन का जन्म। शाहजी का अपना कोई पुत्र नहीं, बस एक लाडली बेटी शीला ही है। तब शाहजी इसे विधि का विधान मान लेते हैं, सिर आंखों  पर लेते हैं। शाह जी किसी राजा से कम नहीं, उनकी ज़मीनों पर काम करने वाले किसान, उनके आसामी उनकी रियाया से कम नहीं...

तो यही बच्ची चन्ना है- लेकिन दस दिन बाद शाहजी की बेटी यानी चन्ना की मां गुज़र जाती है, और घर भर, घर ही क्यों, पूरा गांव मातम में डूब जाता है। और तब कथा पीछे  की तरफ मुड़ती है-

शाह जी और शाहनी की फूलों सी सुकुमार 'शीलो' की कथा, उसके ब्याह की कथा, और विवाह के बाद कारुण्य से भीगी हुई उसकी वैवाहिक विडम्बना की कथा।

अनूप: कैसी विडंबना?

सुमनिका: शीला के श्वसुर लाला दीवानचंद स्यालकोट के बड़े व्यापारी हैं, उनका इकलौता बेटा  धर्मपाल व्यापार के विस्तार के लिए बम्बई जाता है।  इस बीच उनके पिता गुज़र जाते हैं। और धर्मपाल  बम्बई से लौटते हैं, दूसरा विवाह करके, श्यामा नाम की आधुनिका के साथ।


पति अपनी नई पत्नी के आकर्षण और प्रेम में डूबे ऊपरी मंजिल पर रहते हैं। शीला अपने मायके की खास 'चाची' महरी के संग नीचे। कृष्णा जी ने इस विडंबनात्मक स्थिति का जैसा वर्णन किया है- उसे तो बेजोड़ ही कहना चाहिए। इतनी मौन और ठहरी हुई पीड़ा- इतनी बोझिल खामोशी- फिर भी जीवन को चुपचाप न जाने किस आंतरिक गरिमा से जीना...

और फिर एक मोड़ आता है, दूसरी पत्नी की अनुपस्थिति में, धर्मपाल के मन में- वे पश्चाताप, करुणा,  प्रेम और  आवेग की छलछलाहट में  शीला की ओर मुड़ते हैं और यों  भूमिका बनती है, चन्ना के जन्म की। लेकिन फिर शीला पति के नज़रिए में कुछ ऐसा  पहचान लेती है कि उसका मन बुझ जाता है... यह  तमाम  वर्णन अविस्मरणीय हैं, शीला ही नहीं श्यामा के  मन का अवगाहन भी।

अनूप:  लेकिन फिर चन्ना की कथा?

सुमनिका:  हाँ, उसका जन्म होता है, अपने ननिहाल में, गांव में, और अपनी तमाम सम्पति के वारिस को तरसते शाहजी जी गांव भर में मिठाई की चंगेरें  बंटवाते हैं... कि 'लड़कों सी लड़की आई है...'

अनूप: तो चन्ना गांव में रहती है, एक खेतिहर समाज की परम्पराओं और संस्कारों के बीच?

सुमनिका: गाँव में वह पलती है, गाँव उसके भीतर समय हुआ है, उसका अविभाज्य हिस्सा। लेकिन केवल गांव ही नहीं, अपनी मां को खोजती वह स्यालकोट पिता के साथ भी रहती है, जो गांव नहीं, एक शहर है। चन्ना के जीवन में यह आवाजाही लगी रहती है,  गांव से शहर, शहर से फिर गांव... इनके बीच में बहती रहती है चनाब की धारा।

जैसे वह  धारा दोनों के बीच है... दोनों को थामे हुए और  गतिमान। लेकिन आपने सही कहा... चन्ना जिन तंतुओं से बुनी हुई है उनमें गाँव की सादगी और खुलापन ही ज़्यादा है। विदेश से आये हुए युवक  उसे हैरत से देखते हैं। एक तो पूछता भी है कि क्या आप गांधी से प्रभावित हैं?  क्योंकि चन्ना का गांव  से जैविक लगाव उनके तसव्वुर में ही नहीं।

तो अम्बरवाल, स्यालकोट, श्रीनगर, फिर कॉलेज की पढ़ाई के लिए लाहौर और फिर शिमला... चनाब, झेलम और रावी में जल बहता रहता है, उनके पानियों में सुबह, शाम और सितारों भरी रातें झलकती रहती हैं... और  चन्ना का अलग सा व्यक्तित्व अपनी परिस्थितियों और संस्कारों से निर्मित होता रहता है।

अनूप: अलग  सा किन अर्थों में?

सुमनिका: अलग सा इस तरह कि चन्ना साधारण लड़कियों सी लड़की नहीं है। कहना चाहिए कि जिस तरह की परवरिश आमतौर पर पुत्रियों या लड़कियों की होती है, वैसी चन्ना की नहीं हुई है। चन्ना नाना-नानी की बड़ी सी हवेली में उनकी आंखों का सितारा है- सौ सौ लाड़ों में पली। फिर मां तो है नहीं, शाहनी यानी उसकी नानी उस रोती हुई नवजात बच्ची को सईदा बीबी की गोद मे देती है, और वही ममता की मूरत बन कर उसे पालती है, शायद वैसे ही जैसे शीला के लिए चाची महरी का अस्तित्व है।

अनूप: चाची महरी?

सुमनिका:  सईदा बीबी, चाची महरी... कहने को तो शाह जी के घर की परिचारिकाएँ हैं, पर  इस  घर  में  उनका दर्जा  साधारण है नहीं। कारण, उन्होंने भी इस घर के लिए खुद को भुला ही दिया है।  अद्भुत हैं ये दोनों ही पात्र। 

आपने चाची महरी के बारे में पूछा... तो वह शीला के साथ ससुराल आती है, उसके हर पल की गवाह,  माथे की एक एक शिकन पहचानने वाली... अपनी नीतिनिपुणता से, सांसारिक समझ से,  वाकपटुता से उस ससुराल के घर में अपनी ‘बच्ची’ की  छवि को, खुद उसको,  हरसंभव बचाने की कोशिशों में जुटी... क्या ही तेज़ नज़र- पर अपनी 'शीलो', अपनी 'बच्ची'  के लिए अथाह प्रेम से लबालब भरी।

अनूप:  हाँ तो बात चन्ना के स्वभाव या व्यक्तित्व की हो रही थी...

सुमनिका:  हाँ,  तो नाना-नानी के लाड़-प्यार में पली चन्ना  पर कोई बंदिश, कोई रोक-टोक नहीं । वह हवा के  झोंकों  की तरह अपनी मर्ज़ी से इधर-उधर डोला करती है। अपने घोड़े पर सवार  हो वह नाना की तरह ही ज़मीनों  पर घूमती है।  मदरसे में लड़कों के साथ पढ़ती, उनसे खेलती, लड़ती, झगड़ती, दोस्तियाँ करती। और यह सब नाना-नानी, सईदा बीबी और चाची महरी की ठंडी  छाँह तले होता है।

साथ खेलने वाले लड़के  भी  समझ नहीं पाते कि कब चन्ना अचानक किस की तरफ हो जाती है-पाला बदल लेती है। शायद किसी एक की तरफ नहीं, जब जो गलत लगे- उससे दूर चली जाती है-फिर लौट आती है।

सईदा बीबी उसे  डांटती है, समझाती भी है... पर चन्ना  का  दुख, उसकी व्यथा, उसका क्रोध, उसका विद्रोह, कुछ अलग तरह से व्यक्त होता है, जिसे सईदा ही देख पाती  है। बाल मनोविज्ञान की दृष्टि से भी ये वर्णन अनूठे हैं। उसका खिलौनों के लिए मचलना, उसकी  चंचलता, उसकी इच्छाएँ, और  विद्रोह के रूप श्यामा की नज़र में उसके 'बिगड़े' होने के सबूत हैं। लेकिन बात फिर वहीं आ जाती है कि वह शुरु से ही किन्हीं भिन्न सांचों में ढल रही है। मार खा कर रोती नहीं, शायद रोना उसे पसन्द नहीं। बेसाख्ता आँसू उमड़ भी आएँ तो कारण स्वीकार करना नहीं चाहती। स्कूल में लड़कों से उसके बराबरी के सम्बन्ध हैं, लड़कियों से तो दोस्ती ही हो नहीं पाती, लड़कों से हाथा-पाई भी आम बात है।

अनूप: पर यह तो बचपन की बात हुई... युवा होने पर?

सुमनिका: यही खुला, निर्भीक और निःसंकोच व्यवहार युवा होने पर भी दिखाई पड़ता है। अक्सर जो  पुरुष उसके प्रति आकर्षित होते हैं, पूरी तरह उसे या तो समझ नहीं पाते या उन्हे  कुछ तो अजब सा लगता है।  उन्हें लगता है कि वह उन्हें ढील दे रही है, पर फिर वह उन्हें रोक  देती है।

अनूप: तो क्या भावुकता के क्षण  नहीं आते?

सुमनिका: आते हैं, पर जैसे वह  खोज रही होती है थाह लेने  की कोशिश।  कुछ है जो  रेखांकनीय है। पिता धर्मपाल की मृत्यु के बाद श्यामा के भाई जगदीश जिस तरह घर की चीज़ों के बारे में फैसले  करने लगते हैं, फिर वह गाड़ियों का बेचना हो या मुनीम जी को नौकरी से निकालना, उस समय युवा चन्ना का अधिकार पूर्ण हस्तक्षेप अद्भुत है। नाना के घर में भी ऐसी परिस्थितियों से संघर्ष करती है।

अनूप: तो क्या यह अधिकार भावना है- पिता की एकमात्र सन्तान होने  का अहसास?

सुमनिका: अधिकार भी हो सकता है, पर केवल उतना सा नहीं है। मुझे लगता है कि चन्ना में परिस्थिति और चीजों के आकलन की बड़ी संयत दृष्टि है, जो दूसरे के मन्तव्य को परखती है। इंट्यूशन भी है,  बारीक ऑब्ज़र्वेशन भी, और सबसे बढ़कर करुणा  भी... जिससे वे फैसले लेती है, या कहिए कि हस्तक्षेप करती है।

अनूप: इसका  कोई प्रमाण यानी  उदाहरण?

सुमनिका: नाना जब अपनी असहायता और एकाकीपन में  अपने टुच्चे रिश्तेदारों को बुला लाते हैं तब जमींदारी के उलझे मामलों में चन्ना जिस तरह नाना के हितों की रक्षा करना चाहती है- वह उसके जमींदारी रक्त से भी जुड़ा है, अपने वातावरण, अपनी ज़मीनों, अपने लोगों, अपने पशुओं से गहरे लगाव और तादात्म्य के कारण भी है। कहीं कोई गहरा स्रोत है, गम्भीरता है- जो उसे शक्ति देती है। यह न केवल तर्क की ताकत है, न केवल भावुकता।

अनूप:  तब तो चन्ना के इस चरित्र के बरक्स उसकी मां  शीला का व्यक्तित्व बहुत अलग लगता है- क्या नहीं?

सुमनिका: हाँ, लगता ही है। उपन्यास के पात्र भी इस अंतर को गाहे बगाहे सोचा करते हैं। मां  के अभाव का भाव पूरे उपन्यास में छाया हुआ है- या  कहें कि इस अभाव की छाया चन्ना पर तो पड़ती ही है, नाना-नानी पर है, पति धर्मपाल पर है, पत्नी श्यामा पर भी है और चाची महरी तो अपनी 'बच्ची' को कभी भुला ही नहीं सकती।

लेकिन शीला के व्यक्तित्व की रेखाएँ भी सीधी-सादी नहीं- खासी जटिल हैं। शाहजी और शाहनी की इकलौती कोमलांगी बेटी शीला... शायद उसका नाम भी अर्थवान है... शील और सौंदर्य की प्रतिमा... पंजाब के उच्च वर्ग की संस्कारशील पुत्रियों का मानो आदर्श रूप- मितभाषिणी-  मृदुभाषिणी लेकिन सबसे महत्व की बात यह है कि वह आत्मतत्व से रहित नहीं। शायद ही कभी किसी ने उसकी ऊंची आवाज सुनी हो- यहां तक कि जब पति दूसरा विवाह करके उससे दामन छुड़ा लेते हैं, तब भी इस अपमान का सामना  एक उदासीनता से करती है। लोग हैरान हैं कि इतनी बड़ी घटना पर कुछ कहा  सुना नहीं- अपने  जायज़ अधिकार के लिए झगड़ा नहीं किया- वापिस लौट जाना चाहा, पर शाहनी ने कुछ सोच कर रोक दिया। इस उदासीन  और एकाकी भाव  की तह में उसका आहत  स्वाभिमान है, या शायद अपने ही संग जी सकने की कोई भीतरी ताकत..

अजब लगता है उसका मनस तत्व- कि वह एक बार भी नई बहू की निंदा में शामिल नहीं होती, उसके प्रति द्वेष नहीं रखती... जो भी शिकायत है शायद पति से है। शायद सोचती है कि वह पति के हृदय में उस तरह जगह नहीं बना पाई, लेकिन दूसरी ओर आत्मदया से ग्रस्त भी नहीं लगती। कुछ है धीर- गम्भीर, बड़प्पन या कोई उदात्त भाव।

अनूप: तो  चन्ना में यह नहीं?

सुमनिका: ऐसा तो नहीं। मां के स्वच्छ, रौशन मानस की छाया चन्ना में भी अवतरित हुई है। बहुत बार जब चंचल बच्ची चन्ना की आंखों में एक  खामोशी उभर आती है, नज़र में कुछ ऐसा भाव जिसे पिता  पहचानते हैं, देखते हैं, कि उन आंखों में से शीला    झांक रही है। चन्ना  अपनी मां को उनके लिखे पत्रों में देख  पाती है, पढ़  पाती है। वह कमल से कहती है, "कभी कभी सोचती हूँ, बड़ी मां अच्छी, बहुत प्यारी होंगी। इसलिए नहीं कहती हूँ कि वह मेरी अपनी मां थीं। उनके पत्रों को पढ़ कर लगता है कि उनका अध्ययन कितना गहरा था और पकड़ कितनी तेज़ थी। केवल जो नहीं था उनके पास, वह अपने अधिकार की मांग नहीं थी। चुपचाप मूक भाव से अपने को पन्नो में लिख जाने का ज्ञान मां में था  तो पिता को एक उलाहना देने की समझ न होगी, यह कैसे कहा जाए। पर अधिकार की डोर कट जाने पर  उसने प्यार और दुलार की दुहाई न दी।

अनूप: क्या शेष स्त्री चरित्रों की रेखाएँ  और रंग भी इतने भास्वर रह पाए हैं, जितने चन्ना और उसकी मां के?

सुमनिका: बहुत से स्त्री चरित्र हैं- चन्ना की सौतेली मां श्यामा, शाहनी, चाची महरी, सईदा बीबी, मिस पाल, लाला जी की दूसरी पत्नी यानी मौसी... सभी को लेखिका ने जैसे अपनी दृष्टि के गहरे फोकस में उतार लिया है- सबके साथ लेखकीय न्याय किया है- सबके दिलों में, दुखों और अहसासों के पानी में कृष्णा जी उतर गई हैं- एक एक चरित्र अपने जीवन के इतिहास, परिस्थितियों और आंतरिकता के प्रकाश वृत्त में खड़ा दिखता है। सभी  अविस्मरणीय हैं- खासकर चाची महरी और सईदा बीबी के ज़मीनी चरित्र तो अपनी ममता में बेजोड़ हैं।

अनूप: और पुरुष चरित्र?

सुमनिका:  हाँ कई पीढ़ियों के पात्र हैं,  कई वर्गों के, शहरी- ग्रामीण। रोबीले नाना  शाहजी, चन्ना के पिता धर्मपाल, चन्ना के दादा लाला दीवानचंद (जिन्हें चन्ना ने देखा नहीं) फिर नाना की ज़मीनों के किसान, उनके मित्र, धर्मपाल के मित्र, और फिर उन मित्रों के युवा पुत्र-सुरेश, बलवंत, कमल और भी कई युवा छात्र...

कृष्णा जी की  मर्मभेदी कलम स्त्री पुरुष में भेद नहीं करती- लेकिन जो प्रतिबिम्बित होता है, फलित होता है- उसमें पुरुष की फिसलन फलित होती है, मन की अस्थिरता भी। धर्मपाल बम्बई जाकर शीला को भूल जाते हैं, स्वयं उनके पिता दीवानचंद की एक दूसरी पत्नी भी अवतरित होती हैं। सईदा बीबी का पति आले खाँ उसे छोड़ कर चला गया है। और चन्ना बच्चों के मुख से गाये टप्पों में इस दुख को सुनती है... "ओ बागों की ओट में खड़ी मेरी मां, तू मुझे देख कर न रो। लड़कियों के दुख ही ऐसे हैं।"

अनूप: तो देश-काल का प्रतिनिधित्व कितना हो पाया है?

सुमनिका: पहले देश की बात करूँ,  हालांकि काल उससे लिपटा ही होता है। 'चन्ना' की कथा में  अविभाजित पंजाब के गांवों की शक्ल उभर आती है- गांव की ज़मीनें, कुएँ, मीठी हवा में झूमती फसलें,   उनपर काम करते जाट किसान और उन  ज़मीनों के मालिक शाह और ज़मींदार।

मिट्टी से पुते घर, घरों में सरसों के तेल के दियों की मद्धिम रोशनी, मदरसा, मसीत, ठाकुरद्वारे और गुरुद्वारे। पूरे उपन्यास में पंजाब के गांवों के नक्श दर्ज हैं, अपनी खास बोली-बानी के साथ, वेशभूषा के साथ। साथ साथ तमाम शहर भी उभरते हैं। शाह जी के गांव का नाम शायद अम्बरवाल है, लेकिन दूर दूर तक उनकी ज़मीनें पसरी हैं, ज़मीनों में कुएं हैं। और इन ज़मीनों पर हिन्दू मुसलमान असामियाँ एक पारस्परिक जीवन जीती हैं।

शीला के ससुर स्यालकोट के बड़े व्यापारी हैं, स्याल कोट जैसा शहर, दीवानचंद का वैभवशाली घर, गाड़ियाँ, नौकर चाकर, चन्ना का स्कूल। फिर  उपन्यास के नक्शे पर उभरता है लाहौर, जहां होस्टल में रहकर चन्ना कॉलेज की पढ़ाई करती है। छुट्टियों में श्रीनगर और गुलमर्ग का वास। इसी तरह शिमला भी  अपने पूरे नयन- नक्श  सहित नमूदार होता है- रात के वक्त  बर्फीले सफेद पहाड़ी रास्तों पर  घोड़ा दौड़ाती चन्ना का अक्स नहीं भूलता।

अनूप: क्या विभाजन पूर्व पंजाब की राजनीतिक हलचल की आहट भी सुन पड़ती है?

सुमनिका:  हाँ, मैं बात करने ही वाली थी, पर आपके स्थान के प्रश्न में एक बात जोड़ना भूल गई हूं- वह है इस वर्णित भूमि में नदियों का अस्तित्व। यह कुछ खास है- शीला और चन्ना के गांव और स्यालकोट के बीच चनाब बहती है, और उसमें अल्लाहरक्खे की बेड़ी (नाव) है। इस नदी से  शीला का जैसे कोई रूहानी रिश्ता है- नन्ही चन्ना का भी ।

इस पानी मे तैरती बेड़ी- रात में तैरते चाँद का  बिम्ब- जैसे चन्ना का ही प्रतिरूप हो। नदी में कभी  जाता है, लहरें और चक्कर (भंवर) पड़ने लगते हैं, लेकिन चन्ना है कि नदी से ही जाएगी।

फिर लाहौर जाती है तो वहाँ  रावी है। चन्ना लाहौर के  सुंदर बाजारों में नहीं दिखती- दिखती है तो तांगे की सवारी करती  हुई रावी के  तट पर।  फिर काश्मीर में जेहलम है- वहां  जेहलम के जल से भीगी भूमि से सईदा बीबी की आत्मा जुड़ी है। रात के वक्त पानी को देख, मोटर गाड़ी से उतर कर चन्ना पानी में उतर जाती है, कपड़ों समेत...

अनूप: तो फिर पूछना चाहूंगा की विभाजनपूर्व राजनीतिक सुगबुगाहट के  कुछ संकेत हैं क्या?

सुमनिका:  हैं... गांव में शाह जी सरकार के एक काले बिल या कानून की चर्चा करते हैं- जहां ज़मींदारों  के हक छीन लिए गए हैं और ज़मीनों  के  लगान के पीढ़ियों के लम्बे-चौड़े  हिसाब पर हमेशा के लिए लीक फिर गई है। शाह जी भीतर से टूट जाते हैं- उन्होंने अपनी असामियों की ब्याह-शादी-गमी में सरपरस्ती की है। वे कहते हैं ‘इतना उल्टा कानून रब्ब का भी नहीं- इसमें अंग्रेज़ की चाल है, जो अंदर ही अंदर जमीदारों को कमज़ोर और जाटों को बढ़ावा देना चाहता है।’

जाटों की जगह वह  कुछ और (शायद मुसलमान) कहते कहते रुक जाते हैं। दूसरी ओर अंग्रेजों ने 'छापों' (अखबारों) में धर्म में भेद करना शुरू कर दिया है।  चरखा जो सदियों से गांवों में घर-घर चलता रहा है, आज गांधी से जोड़ कर हिंदुओं का करार दिया जा रहा है।  लाहौर से छपने वाला छापा कुछ नई नई  बातें छापता है... वह मोटे मोटे तारों का सूत, वही जुलाहे का बुना खद्दर। फिर खद्दर किसका है? चन्ना सोचती है कि उसके चौधरी चाचा, आँशा  बीबी, राबयां, और सब से बढ़ कर  जिसे उसने मां की तरह जाना- सईदा बीबी। इन सब के बारे में अखबारों की क्या राय है?

चन्ना समझ नहीं पाती कि यह भाषण देना क्यों जरूरी है कि तुम सब एक हो- क्योंकि खंड खंड तो कुछ है ही नहीं- तो इन बिखरी बातों का मतलब? उसे हिन्दू- मुस्लिम एकता के भाषण कृत्रिम लगते हैं, उसने तो सदा इन्हें एक साथ ही देखा है- शहर में यह हवा चलने लगी है।

अनूप: अच्छा, एक और बात... क्या चन्ना के व्यक्तित्व में कृष्णा सोबती के परवर्ती स्त्री चरित्रों के बीज हैं- जैसे मित्रो मरजानी, डार से बिछुड़ी वगैरह के?

सुमनिका: ठीक कहा। चन्ना कृष्णा सोबती की प्रथम बेहद आज़ाद ख्याल, बेहद ओरिजनल स्त्री है- जो न केवल पुरुष की तरह तार्किक है न स्त्री की तरह कोरी भावुक। वह नारी है, पर नारी से कुछ अधिक- बड़ी बारीकी से  व्यक्तित्व के इन  तारों को  लेखिका ने खोला है । व्यक्तिगत लगाव या द्वेष  उसके लिए सत्य के आकलन के बीच नहीं आने पाते। नाना को वह नाना  की तरह प्यार करती है तो जमींदार के रूप में भी देख  पाती है- श्यामा को अपनी न जान कर भी वह कभी हल्केपन से उसके बारे में नहीं सोचती- उसे लगता है कि उसने पिता की दुर्बलता को अपने हाथ से थाम रखा था- और उसकी अपनी माँ  पिता को लेकर अधिकार के मोह में सावधान न रह पाई होगी। यही उसकी विशिष्ट नज़र है। जिस तरह वह बड़े गुरुतर सत्यों को देखती है, पहचानने की कोशिश करती है, उसमें  सबसे अधिक प्रतिबिंब तो खुद कृष्णा सोबती  का ही झलकता है।  उन्होंने कहा भी है कि अगर यह उपन्यास छप जाता तो ज़िंदगीनामा न लिखा जाता।

अनूप:  अब एक अन्तिम बात...

चन्ना भाषा के इलाकाई प्रयोग  के मुद्दे की वजह  से छापने से  रोक दिया गया था। सत्तर साल बाद मूल रूप में ही छपा।  क्या यह पंजाबी आंचलिकता का उपन्यास है? क्या  इसे और फणीश्वरनाथ रेणु के 'मैला आँचल' को आमने सामने रखा जाना चाहिए?

सुमनिका:  यह बात वाकई विचारणीय है कि किसी बड़े लेखक की कोई कृति, वह भी पहली कृति,  सत्तर साल तक बक्स में बंद रहे, केवल इस वजह से कि लेखक और प्रकाशक में इसकी भाषा को लेकर मतभेद  था। और जब छपे तो जीवन का अंतिम चरण हो।

जिस खास समाज की महाकाव्यात्मक झलक इस उपन्यास में है,  वह केवल भाषा ही नहीं, उस समाज के रक्त में बसी तमाम रवायतों, शब्दों की ध्वनियों, वाक्यों  की गढ़न, वेशभूषा, बोली-बानी, वातावरण के बिना कैसे आकार पा सकता था? यही तो इसकी ताकत है... कि उपन्यास हवा में नहीं लिखा गया -अपनी ज़मीन, अपनी संस्कृति,  वहां का लोक मन और  नागर संस्कृति,  सभी कुछ उसमें है-

सलवार कमीज, दुपट्टों से सर ढके स्त्रियाँ, किसान  जाटों के तहमद, पुरुषों के साफे और शमले (तुर्रे), हाथ के बने मोटे गाढ़े कपड़ों के साथ साथ रेशमी वस्त्र भी हैं बारीक सलमे जड़े, शीला के पाँवों की  तिल्लेदार जूतियाँ हैं। आपस  में मिलने पर स्त्रियों का ‘रामसत’ कहना और पुरुषों का ‘पैरीपौना’। और बड़ों  की छोटों को  सुंदर आशीषें।

उत्सवों में 'सिरवारना'  सगुण डालना, नज़र उतारना, और यहां तक कि मृत्यु और मृत्यु के बाद के हृदयविदारक दृश्य और वर्णनों में नाइन द्वारा संचालित 'बैणों' का भी वर्णन है।

पीढ़ी पर बैठ नानी और चाची महरी का रंगीला चरखा चलाते, सूत कातते हाथ चन्ना बचपन से देखती  है। दूध दहीं की मिट्टी की  'चाटियाँ' (मिट्टी की हंडिया) देखती आई है- उन्हें धो-धो कर दही बिलोती, मक्खन निकालती स्त्रियां हैं, मक्की की  रोटियां हैं जो चाची महरी फैजू के हाथ कनालियों (लकड़ी की परातनुमा ट्रे) में बांध कर चन्ना के लिए  लाहौर होस्टेल तक पहुंच देती  है। न जाने कितने शब्द हैं-  पैड़ियाँ, औंसिया डालना, चंगेर,  धीयानी, शाहनी, लाढा... तांगे वालों की व्यंग्य भरी बोलियां और गुहारें हैं, हुक्कों की गुड़ गुड़ है।  जिन पाठकों में पंजाब का भाषा संस्कार है- वे समझ जाएंगे कि कुछ खास वाक्य कहाँ से उपजे हैं।

अनूप: तो  इसकी भाषा को आंचलिक कहा जाए?

सुमनिका: इसकी भाषा में अंचल  तो झांकता ही है,  लेकिन सम्पूर्ण भाषा ही आंचलिक है, या उतनी आंचलिक है जितनी मैला आँचल  की भाषा... ऐसा  शायद नही कहा जा सकता। कृष्णा सोबती ने इसकी भाषा को लेकर सन 1950 में जो स्टैंड लिया था- वह सही था। उन्होंने अपनी भूमिका में  फणीश्वर नाथ रेणु के प्रति  कृतज्ञता भी जताई है कि उन्होंने देश के खेतिहर संवाद को मैला आँचल में प्रस्तुत किया।

अनूप: मेरी एक और जिज्ञासा है जो कृष्णा सोबती जी के इस कथन से पैदा हुई है कि चन्ना न छपने की वजह से जिंदगीनामा लिखा गया। इन दोनों उपन्यासों को भी आमने-सामने रख कर पढ़ना दिलचस्प होगा।

सुमनिका: हां, यह जरूरी भी है। यह काम अलग से करना ही ठीक रहेगा।  

मंगलवार, जनवरी 26, 2010

दिक् और काल की अन्तर्क्रीड़ा

दो उपन्‍यासों के हवाले से
भाग तीन






अब कलिकथा की बात। नायक इसमें भी एक बूढ़ा व्यक्ति है लेकिन इसमें के आयाम कई पीढ़ियों तक फैलते हैं। यह समय भी दो तरह का है - व्यक्ति का इतिहास या निजी इतिहास और सामाजिक इतिहास। स्पेस भी व्यक्ति किशोर के घर से लेकर कलकत्ता शहर, सम्पूर्ण देश और फिर ग्लोबल चेतनाओं के रूप में फैलता सिकुड़ता है। समय और स्थान के ये दो आयाम (निजी और सामाजिक) समानांतर भी हैं, एक दूसरे में प्रतिबिंबित भी होते हैं, टकराते हैं और किसी बिंदु पर आकर गुंथ जाते हैं। इसमें कथा का केंद्र 'ऐ लड़की' की अम्मू की तरह निष्क्रिय स्थिति में नहीं, बल्कि एक बार दृष्टि बदल जाने पर इतिहास और वर्तमान की दिशाओं में खूब सक्रिय हो जाता है। स्मृति परंपराओं की खोज में निकलता है। ये अम्मू की स्मृतियों की तरह की अनैच्छिक स्मृति (इन्वॉलैन्टरी मेमोरी) नहीं, बल्कि ऐच्छिक यात्रा है। अनैच्छिक स्मृति के बाबत प्रूस्त ने अपने जीवन अनुभवों को खूब खंगाला है। मादलेन नाम की पेस्ट्री की गंध जिस तरह उसे उसके क्रॉम्बे नामक अपने कस्बे में ले जाती है। ऐसी स्मृति ध्यान-गम्य और ऐच्छिक स्मृति से बिल्कुल भिन्न होती है। बर्गसां भी कालावधि (ड्यूरे) के अपने जीवन दर्शन में यह मानते हैं कि जब कोई कालावधि जीवन की वास्तविकता बन जाती है तो वह आदमी को समय की ग्रस्तता से मुक्त कर देती है।
ऊपर-ऊपर से देखें तो यह एक सामान्य आदमी की कथा है, जिसके जीवन में कुछ नाटकीय घटित नहीं हुआ है पर इस कथा में पर्सेप्शन के बदल जाने से जीवन के मायने बदल जाने की बात खुलती है।
पूरी कथा एक महारूपक में संघनित होती है और उससे जुड़ी मेटानॉमिक डिटेल में खुलती है। (रोमन याकोब्सन का उपरोक्त संदर्भ) यह रूपक बाईपास सर्जरी और दिमाग पर कुछ चोट लगने का है। इस सर्जरी में दिल तक रक्त ले जाने वाली नलियों को खोल दिया जाता है ताकि 'हृदय को पूरा रक्त मिल सके'। दूसरी ओर सिर की चोट से दिमाग में कुछ 'खलल' पैदा हो गया है। इस सब के बाद किशोर बाबू का जीवन एवं दृष्टि बदल जाती है। जीवन के जिन पक्षों को वो अब तक बाईपास करते रहे, अब वही उनकी चेतना के केंद्र में आ जाते हैं। फिर ये संदर्भ व्यक्ति जीवन के हों या बृहत्तर सामाजिक जीवन के। वे अपने इतिहास की ओर मुड़ते हैं - अपना बचपन, पिता, दादा, परदादा ... और उनके जीवन को भीतर से समझना चाहते हैं। काल का तीर अचानक पीछे की ओर चल निकलता है। जिस देश एवं काल में जाकर रुकता है, उसके केंद्र या नायक बदल जाते हैं (कभी पिता केदार, कभी रामविलास दादाजी, फिर उनके पिता...), तीर बीच बीच में फिर किशोर बाबू के वर्तमान और अतीत में भी लौटता है। अत: उपन्यास का समय आगे पीछे यात्रा करता रहता है।
किशोर बाबू की जिंदगी और भारतीय समाज का समय सामान्यत: दो भागों में बंटा है। आजादी और विभाजन (1947) से पहले का काल और बाद का काल। इसे इतिहास की भाषा में कहें तो देश का कोलोनियल पास्ट और पोस्ट कोलोनियल समय कह सकते हैं। विभाजन से पहले आजादी के सपने हैं, उथल पुथल, जद्दोजहद और सरगर्मी है और विभाजन के बाद है सामाजिक पतन। किशोर बाबू के जीवन में भी यही विभाजन प्रतिबिंबित हुआ है। पोस्ट कोलोनियल समय की सारी असंवेदना, आवरण, छद्म, अमानवीयता और दर्प किशोर बाबू में भी है। अंग्रेजी साम्राज्यवाद का विरोधी किशोर, अब इस उत्तरार्द्ध में 'चुने हुए डिक्टेटर' या स्वयं कोलोनियल भूमिका में शिफ्ट हो गया है। और यह हमारे महादेश की त्रासदी भी है।
लेकिन बाईपास सर्जरी के बाद अजस्र काल में एक तीसरा समय उभर आता है और किशोर बाबू के तमाम भीतरी बाहरी आवरणों को खुरच देता है। यहीं से पात्रों और घटनाओं को लेकर दो समयों में जक्सटापोजीशनिंग या कन्ट्रास्ट का शिल्प उभरने लगता है। गाड़ियों से उतर कर किशोर बाबू कलकत्ते की गलियों, चौराहों और उसके जीवन में भटकने लगते हैं।
फिर अचानक समय का तीर निजी और बृहत्तर दोनों संदर्भों में भविष्य की ओर मुड़ जाता है और सृष्टि के आमूल बदले हुए जीवन का खाका खींचने लगता है। मानो मानवता घूम घाम कर अपनी प्रकृत अवस्था में लौट आई हो।
अब स्पेस की बात। कलकत्ता उपन्यास के फलक पर छाया हुआ है। यह भी उत्तर कलकत्ता और दक्षिण कलकत्ता में बंटा हुआ है। एक जमाने का काला कलकत्ता बाद में भी पिछड़ा, गरीब और देसी कलकत्ता है, जबकि गोरे कलकत्ते या साऊथ कैलकटा में अंग्रेज और उनके बाद उनकी सी हैसियत वाले भारतीय रहते आए हैं। इन दो ध्रुवों के बीच यूरेशियनों का चितकबरा स्पेस उभर आता है - गोरों और कालों की संकर संतानों का स्पेस। उपन्यास में यह बहू बाजार और चोरंगी के पिछवाड़े का इलाका है। इसकी व्यथा देखिए 'जब से मैं पैदा हुआ, मेरे पिता मेरे भविष्य की सोच कर बहुत मानसिक तकलीफ में रहने लगे। आधे हिंदुस्‍तानी और आधे अंग्रेज़ बच्चे की क्या ज़िंदगी होती है - वे देख सकते थे। वह न इधर का होता है न उधर का। इस तरह यह स्‍थान अपने आप में एक पूरी चेतना है जिसमें से कई मर्मान्‍तक कथाएं और जटिल रिश्त फूटते हैं।' 'उसने अखबार में पढ़ा है कि इस वक्त कलकत्ता में सोलह हज़ार यूरेशियन हैं, जब अंग्रेज़ों की संख्या उनसे दो हज़ार कम है।' ऐसे लोगों का जीवन अजीब से द्वंद्व में फंसा है जिसमें एक तरफ हिंदुस्तान से लगाव भी है, दूसरी ओर वे अपने खून के कालेपन से मुक्त भी होना चाहते हैं।
किशोर बाबू का स्थान उनके विभाजित समय में नॉर्थ से साऊथ की ओर शिफ्ट होता है। यह प्रबल थिमैटिक शिफ्ट है। उत्तर कलकत्ता के बड़ा आज़ार से बालीगंज के घर में जाना एक पूरी मानसिक यात्रा है।
'समय के फेर' की दार्शनिक व्याख्या करते हुए नायक कहता है, 'पिताजी की बात ठीक निकली। वे कहा करते थे कि दुख ही सुख की शक्ल ले सकता है, प्रेम ही नफरत की - ये सारे विपरीत समय के फेर से एक दूसरे में बदल जाते हैं।'
तिमंजली हवेली का सपना, दो कमरों वाला घर, तीसरा कमरा - वास्तु के ये विभाजन उपन्यास के बंटे हुए समय और स्पेस के कूट खोलते हैं। मानसिक खलल में जब किशोर को अचानक बीच वाला कमरा भूल जाता है जो उनके जीवन के बीच वाला हिस्सा ही है और इस तरह घर के भूगोल में समय का भूगोल उभर आता है।
स्पेस के भी तो दो केंद्र हैं - निजी और बृहत्तर। घर, और घर के लोग, उनके भीतर का जीवन और उनके जीवनों की ग्रथित कथाएं एक ओर तथा दूसरी ओर बृहत्तर स्पेस में गलियां, कलकत्ता और देश। यह वह स्पेस है जहां बंग भंग होता है, आजादी की सुगबुगाहट है और गीत गूंजते हैं, लाठी चार्ज होता है, भीषण अकाल पड़ता है, उन्नीस सौ छियालीस के साम्प्रदायिक दंगे होते हैं। समय में पीछे जाने पर स्पेस या देश का एक और विभाजन या कन्ट्रास्ट उभरता है - मरू भूमि और बंगाल की शस्य श्यामला भूमि के बीच। मरू भूमि में बादलों का सपना, बंजारे, रेत, पगड़ियां और सूना आकाश है तो बंगाल में हरी भरी जमीन है, निरंतर बरसते मेघ हैं, भरी हुई गंगा का प्रवाह है। एक स्पेस से निकल कर पात्र दूसरे में आते हैं और तब उनमें 'निर्वासन' और 'वास ' की चेतनाएं जन्म लेती हैं। रामविलास के लिए यह कलकत्ते का वास है जिसका जादू दिन पर दिन चढ़ रहा है, जबकि उनके दोस्त बसंत लाल के लिए यह निर्वासन है जिसमें काल का एक एक पल बड़ी मुश्किल से बीतता है (स्लोइंग ऑफ टाइम)। उपन्यास में इन दोनों मित्रों की इन विरोधी चेतनाओं का बड़ा साकार वर्णन है। निर्वासन या अपनी भूमि छोड़ कर जाने से ही रामविलास और अंग्रेज जाति में तादात्म्य कायम होता है। 'दो घोड़ों की फिटनों और बग्घियों में घूमते खुद उसकी तरह ही दूर देश से आए गोरे बाशिंदे भी उसे अपने से लगते हैं।' भयानक तूफान में रामविलास के पिता और हैमिल्टन साहब अपने अपने देश को याद करते हैं, बचने की सूरत में घर लौटने का संकल्प करते हैं। यह निर्वासन का रिश्ता है जिसमें अन्यता बोध डूब जाता है।
एक बीता हुआ समय बार बार पुनर्जीवित होता है। काली मंदिर का पंडित बेटे के हाव भाव से उसके पिता को पहचान लेता है। इस तरह पुराना समय पुश्त दर पुश्त जीवित है और आगे बढ़ रहा है। एक तरफ वो जीवित है तो दूसरी तरफ निरंतर बदलाव ला रहा है। आगे बढ़ता हुआ समय स्पेस को और उसकी डीटेल को बदल रहा है। उपन्यास में यह संदर्भ है कि यह कलकत्ता पहले सा कलकत्ता नहीं रहा। 'उसके पिता के देखे कलकत्ते से अभी का कलकत्ता कितना बदल गया है, कौन जानता है। इसी तरह समय न जाने कितने फेर बदल आगे कर देगा। '
समय बहुत अदृश्य ढंग से हमारे भीतर संस्कार के रूप में भी रहता आया है। रामविलास के लिए कृष्ण की छवि एक ऐसा ही संस्कार है जो बालक रूप में, किशोर रूप में अर्थात् हर रूप में उसमें भावित है। वह कहता है, मैं उसे क्यों कर छोड़ दूं। 'कृष्ण कहते ही मेरे मन में कृष्ण के तरह तरह के रूप सामने आ जाते हैं... यह एक ऐसा संसार है जिसकी जड़ें मेरे अंदर कितनी पीढ़ियों पीछे कहां तक फैली हैं, मैं खुद नहीं जानता...।'
एक ही समय में काल की अलग अलग गतियां और धुरियां भी दिखाई पड़ती हैं। पति अपने घर से दूर आसाम में दूसरे स्पेस में समय से लड़ता हुआ जान संभाल कर जब वापस लौटता है तो अपने गांव पंहुच कर पत्नी की अर्थी मिलती है। यह विपरीत गतियों का अंकन है। एक, जो अपने स्पेस में लौट रहा है और दूसरा, जो उससे मुक्त हो गया है।
समय का भारतीय बोध और ब्रितानी बोध भी अलग अलग है, 'अंग्रेज़ों की नई सदी, बीसवीं सदी, की शुरुआत है और इस बात को लेकर भी उनमें जैसे एक नया उत्साह है... ऐसा लगता है जैसे हमारी जाति इस सदी में एकदम नया कुछ कर डालने को उतावली हो। रामविलास को हंसी आती है - पृथ्वी तो साहब वैसे ही घूम रही है सूरज के चारों ओर... क्या फर्क पड़ता है ऐसी बातों से ? फर्क पड़ता है तो बस यही कि आदमी की छटपटाहट बढ़ जाती है... ज़िंदगी को बांट बांट कर जीने में बड़ा खतरा है।'
स्पेस को फलांग जाने की बात भी रामविलास और छोटे हैमिल्टन साहब के बीच तब घटती है जब उन्हें पता लगता है कि छोटे हैमिल्टन आधे भारतीय हैं। 'कितनी अजीब बात है - रामविलास ने सोचा - आदमी सारी दूरियों को पार कर कैसे एक हो जाता है। एक तरफ लॉर्ड कर्ज़न के बंग भंग को लेकर अंग्रेज़ों के प्रति सब जगह नफरत का ज्वार उठ रहा है और कहां इस कदर अपनापन...।'
पूरे उपन्यास में जल के स्पेस में फैलने और सिकुड़ने का भी मार्मिक अंकन है। मरू भूमि में हैं तो यही जल एक परिकल्पना भर है। और उसका माप कुईं, कुएं, जौहड़, तालाब, नदी और फिर गंगा का सपना है। इसीलिए रामविलास कलकत्ता पंहुच कर कृतकृत्य हो जाते हैं। गंगा को छोड़कर वापस आने से यह जल सिकुड़ता हुआ पानी की बाल्टी भर रह जाता है।
किसी जातीय चिति के इतिहास में जाने पर काल और देश आपस में गुंथे हुए दिखते हैं। मरू भूमि में अकाल का समय मारवाड़ी लोगों के चित्त में आज भी जीवित है। शायद इसी कारण वे इतने अंधविश्वासी हैं और भविष्य से आतंकित रहते हैं। धन इकट्ठा करते रहने के मूल्य की तह में शायद वही दारुण जातीय स्मृतियां हैं।
इस प्रकार देश और काल की अंतर्क्रीड़ा जैसे जीवन में निहित है, वैसे ही वह रचना की संरचना में जीवन की तरह व्याप्त है। यह रचना की नाभि है तो गति भी है। इससे रूप और अंतर्वस्तु दोनों ही विरचित होते हैं, परस्पर प्रभावित होते हैं और संलयित होते हैं। इस अंतर्क्रीड़ा को जितनी व्यापकता में जाना जाए, कृति को उतनी ही सम्पूर्णता में पहचाना जा सकता है।